Menu
blogid : 16095 postid : 1122944

आखिर कौन हैं हम….डा श्याम गुप्त

drshyam jagaran blog
drshyam jagaran blog
  • 132 Posts
  • 230 Comments

आखिर कौन हैं हम….

जब भी मैं हरप्पा, सिन्धु/सरस्वती सभ्यता के विवरण पढ़ता हूँ | उस सभ्यता की रहन-सहन, विकासात्मक विवरण, प्राप्त वर्तन, आभूषण, नगरों के स्थापत्य पर विचार करता हूँ तो मुझे लगता है कि यह सब तो भारत में आज भी हैं| बचपन में हम भी मिट्टी –पत्थर के वर्तन प्रयोग में लाते थे, मिट्टी की गाड़ी, खेल खिलौने | कुल्ल्हड़, सकोरे तो अभी तक प्रयोग में हैं,  दीप दिवाली के, लक्ष्मी-गणेश मिट्टी के आदि |  देश में उत्तर से दक्षिण तक, पूर्व से पश्चिम तक आचरण, व्यवहार, रीति-रिवाज़, रहन-सहन, रंग-रूप, वेद-पुराण-शास्त्र, देवी-देवता, पूजा-अर्चना, राम, कृष्ण, शिव, देवी, दुर्गा आदि के एकत्व पर गहराई से विचार करता हूँ तो मुझे संदेह होता है कि हम सब भारतीय सुर हैं या असुर, आर्य हैं या अनार्य ?

सारे भारत में आचार व्यवहार, आचरण, उठना-बैठना, ओढ़ना पहनना, विविध रीति-रिवाज़  आज भी मौजूद वैदिक कालीन झौंपडियों से लेकर पक्के मकान, अट्टालिकाओं तक, पौराणिक सुर-इन्द्रलोक, देवलोक अधिभौतिक व अध्यात्मिक उपस्थिति एवं उच्चतर भौतिक आसुरी प्रवृत्ति ….सभी कुछ गद्दमड्ड ….आखिर कौन हैं हम सब ? तुलसीदास कह गए हैं कि —

“हरित भूमि तृण संकुलि समुझि परहि नहिं पंथ |

जिमि पाखण्ड विवाद तें लुप्त होंहि सदग्रंथ | “

पुरस्कार लौटाना, पूजा अर्चना पर विवाद, असहिष्णुता विवाद, धार्मिक, पूजा-पाठ मत-मतान्तर विवाद, राजनैतिक विवाद, उत्तर-दक्षिण, आर्य-अनार्य, सुर-असुर विवाद आदि सब यही तो पाखण्ड विवाद है जिनके कारण यह भ्रमात्मक स्थितियां उत्पन्न होती हैं |

आदितम साहित्य ऋग्वेद में यम-यमी प्रकरण में यमी द्वारा यम से सान्निध्य निवेदन पर यम का कथनन ते सखा सख्यं वष्टयेतत्सलक्ष्माय द्वि पुरुषा भवेत् |

महिष्णुमासो असुरस्य वीरा दिविध्वरि उर्विया परिख्यनि ||(१०/१०/८८६७)

–हे यमी हम भाई-बहन हैं अतः आप असुरों के वीर पुत्रों( अन्य शक्ति संपन्न व्यक्तियों ) से जो सर्वत्र विचरण करते है संपर्क करें |..अर्थात सुर-असुरों में व्यवहारगत कोइ अंतर नहीं था| सभी एक ही समाज के लोग थे|

अनाचरण रत सरयू पार के आर्य राजाओं को भी इंद्र ने तत्काल मार दिया | सुदास का दस वर्षीय युद्ध भी आर्यों-आर्यों में ही था | यहाँ तक कि कृष्ण को भी ऋग्वेद में कृष्णासुर कहा गया है …अव दृप्शो अन्शुमतीस तिष्ठ: दियान: कृष्णो दशभि सहस्त्रै |

आवत्तमिन्द्र: शच्याध्मंतमय स्नेह्तीर्णनृमणा अघंत || (५/३३ )

—त्वरित, गतिशील व अन्शुमती ( यमुना) के तट पर विद्यमान मनुष्यों को आकर्षित करने में सक्षम दश सहस्र सेना सहित, कृष्णासुर को इन्द्रदेव ने प्रत्याक्रमण करके पराजित किया | हो सकता है कि कृष्ण व इंद्र, कृषक एवं अन्य श्रेष्ठ-देवीय समाज के पदेन नेतृत्वकर्ता हों | महर्षि कश्यप पुत्र देव-दनुज, ऋषिपुत्र राक्षसराज रावण, हिरण्यकश्यपु पुत्र विष्णु भक्त प्रहलाद व इंद्र पदवी धारक दानवाधिपति राजा बलि—जिसका नाम आज भी कथा-पूजन आदि में..’येन बद्धो बलि राजा दानवेन्द्रो महावली …’ कह कर समस्त भारत में लिया जाता है जो सुर-असुरों के अंतिम समन्वय के साक्षी बने | बलि का पाताल भेजना, अमेरिका को निष्क्रमण ही है, जिसके प्रपोत्र वाणासुर की पुत्री उषा का विवाह श्रीकृष्ण के पौत्र अनिरुद्ध से जगविदित घटनाक्रम है | अर्जुन पत्नी नागकन्या उलूपी, भीम पत्नी राक्षसी हिडिम्बा, कैकयकुमारी अयोध्या की रानी, सुदूर कूचबिहार की पुत्री जयपुर की महारानी |

यहाँ तक कि पाश्चात्य जगत में, विश्व भर में, अफ्रीका में, पाताल लोक अमेरिका में सभी स्थानों, देशों संस्कृतियों में शिव एवं शिवलिंग की उपस्थिति, अमेरिका एवं अफ्रीका व चीन, अरब में शिवलिंग की उपष्थिति, शक्ति व योनि पूजा, विभिन्न नामांतरों से मनु- नूह-नोआ, जलप्रलय जैसी एतिहासिक घटनाएँ, ऋषियों, मुनियों, देवों,स्थानों के भारतीय पौराणिक नाम, पुरा साहित्य व भाषाओं की आदि-भाषा संस्कृत से समानता आदि पर गहनता से विचार करने पर सर्वविश्वीय एकात्मकता का बोध होता है |

वस्तुतः हम सब भारतीय एक ही मूल मानव समाज की इकाइयां हैं | भारत में नर्मदा घाटी में एवं मानसरोवर क्षेत्र में उत्पन्न व सप्तसिंधु- सरस्वती क्षेत्र में विक्सित व उन्नत मानव, दक्षिण के देवता शिव जो महासमन्वयक की भूमिका में थे और देवाधिदेव कहलाये एवं उत्तर के इंद्र-विष्णु आदि देवों द्वारा समन्वय करके एक अनन्यतम व श्रेष्ठतम संस्कृति का निर्माण किया जो सनातन संस्कृति कहलाई | जिसके साथ मानव सुदूर भागों में समस्त विश्व में फैले एवं अपने मूल स्थान से दूर होते हुए देश, काल, जलवायु, परिष्थिति के अनुसार आचार व्यवहार में परिवर्तन होते गए | तदुपरांत राजनीतिक विकास, जन्संख्यावर्धन, विचारगत भिन्नताओं, कौटुम्बिक-कबीलाई मतभेद व श्रेष्ठता मापदंड, विवेक- आचरणगत शुचिता के अनुसार सुर-असुर, आर्य-अनार्य आदि श्रेणियां बनी एवं बाद में वर्ग व जातियां |

आखिर कौन हैं हम …हम क्या समस्त विश्व ही –

‘हिन्दी हैं हम वतन है हिन्दोस्ताँ हमारा ‘  एवं …

‘हमारी जन्म भूमि है यहीं, कहीं से हम थे आये नहीं |’ ..तो क्या मतभिन्नता, क्या मत-मतान्तर, धर्मान्तर, क्या सुर-असुर, क्या आर्य-अनार्य, क्या उत्तर-दक्षिण क्या जाति-प्रजाति …

हम एक थे, एक हैं एक ही रहेंगे |

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh