Menu
blogid : 16095 postid : 841663

बसंत ऋतु आई है ..डा श्याम गुप्त….

drshyam jagaran blog
drshyam jagaran blog
  • 132 Posts
  • 230 Comments

पर एक रचना …..वाणी की देवी .सरस्वती वन्दना से….
सरस्वती वन्दना
जो कुंद इंदु तुषार सम सित हार, वस्त्र से आवृता ।
वीणा है शोभित कर तथा जो श्वेत अम्बुज आसना
जो ब्रह्मा शंकर विष्णु देवों से सदा ही वन्दिता ।
माँ शारदे ! हरें श्याम’ के तन मन ह्रदय की मंदता ।

बसंत ऋतु आई है ….

( घनाक्षरी छंद )
१.
गायें कोयलिया तोता मैना बतकही करें ,
कोपलें लजाईं, कली कली शरमा रही |
झूमें नव पल्लव, चहक रहे खग वृन्द ,
आम्र बृक्ष बौर आये, ऋतु हरषा रही|
नव कलियों पै हैं, भ्रमर दल गूँज रहे,
घूंघट उघार कलियाँ भी मुस्कुरा रहीं |
झांकें अवगुंठन से, नयनों के बाण छोड़ ,
विहंस विहंस, वे मधुप को लुभा रहीं ||

२.
सर फूले सरसिज, विविध विविध रंग,
मधुर मुखर भृंग, बहु स्वर गारहे |
चक्रवाक वक जल कुक्कुट औ कलहंस ,
करें कलगान, प्रात गान हैं सुना रहे |
मोर औ मराल, लावा तीतर चकोर बोलें,
वंदी जन मनहुं, मदन गुण गा रहे |
मदमाते गज बाजि ऊँट, वन गाँव डोलें,
पदचर यूथ ले, मनोज चले आरहे ||

3.
पर्वत शिला पै गिरें, नदी निर्झर शोर करें ,
दुन्दुभी बजाती ज्यों, अनंग अनी आती है |
आये ऋतुराज, फेरी मोहिनी सी सारे जग,
जड़ जीव जंगम मन, प्रीति मदमाती है |
मन जगे आस, प्रीति तृषा मन भरमाये ,
नेह नीति रीति, कण कण सरसाती है |
ऐसी बरसाए प्रीति रीति, ये बसंत ऋतु ,
ऋषि मुनि तप नीति, डोल डोल जाती है |

४.
लहराए क्यारी क्यारी,सरसों गेहूं की न्यारी,
हरी पीली ओड़े साड़ी, भूमि इठलाई है |
पवन सुहानी, सुरभित सी सुखद सखि !
तन मन हुलसे, उमंग मन छाई है |
पुलकि पुलकि उठें, रोम रोम अंग अंग,
अणु अणु प्रीति रीति , मधु ऋतु लाई है |
अंचरा उड़े सखी री, यौवन तरंग उठे,
ऐसी मदमाती सी, बसंत ऋतु आई है ||

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh